जिला परिषद जिले में स्थित अपनी जमीनों पर दुकानों का निर्माण कराएगा। इन दुकानों के निर्माण के लिए 1.60 करोड़ की राशि की स्वीकृति दे दी गयी है। जिला परिषद परिसर में 46 लाख रुपये की लागत से बने आइटी सेल तथा प्रेस भवन का उद्घाटन करने के बाद जिला परिषद अध्यक्ष चंदा सिंह ने यह जानकारी दिया। इस संबंध में
उप विकास आयुक्त सह मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी जिला परिषद दयानंद मिश्र ने बताया कि मनरेगा, पंचायती राज तथा अन्य सरकारी विभागों के डाटा इंट्री अब इसी आइटी सेल में किया जाएगा। इसमें सरकारी विभाग के कर्मियों को आन लाइन प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि तेरहवें वित्त आयोग के मद से 22 लाख चालीस हजार रुपये की लागत से प्रेस भवन तथा 23 लाख 52 हजार की लागत से आइटी सेल का निर्माण किया गया है। उन्होने बताया कि आइटी सेल तथा प्रेस भवन के निर्माण के बाद अब जिला परिषद अपनी जमीन में दुकानों को निर्माण कराएगा। उन्होने बताया कि जिला अभियंता कार्यालय सराय के परिसर में 80 लाख रुपये की लागत से 28 दुकानें बनायी जाएगी। वहीं 60 लाख रुपये की लागत से झझवां बाजार में 31 दुकानें, कुचायकोट में बीस लाख रुपये की लागत से तीन दुकानें तथा भोरे में भी 25 दुकानों का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिला परिषद ने अपने राजस्व के श्रोत में वृद्धि करने के लिए जिले के कई जगहों में दुकानों की निर्माण करा रहा है। भविष्य में जिला परिषद अपनी जमीन पर जनता के हित में नये कांप्लेक्स का निर्माण कराएगा। इस अवसर पर सहायक अभियंता अमरेंद्र सिंह, जिला परिषद के प्रधान लेखापाल अनूप श्रीवास्तव, जिला अभियंता कार्यालय के प्रधान लिपिक अवधेश कुमार व अजय कुमार सिंह आदि भी मौजूद रहे।