अप्रैल से लागू होने वाले मद्य निषेध को प्रभावी तरीके से लागू किया जाएगा। इसके तहत गांव से लेकर शहर तक में वृहद जागरुकता अभियान चलाया जाएगा। नगर के जन शिक्षा कार्यलय में मंगलवार को आरपी, प्रखंड समन्यवक, जिला समन्यवक व एसआरजी की बैठक में जागरुकता को लेकर बकायदा कार्यक्रम तैयार किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए डीपीओ साक्षरता ने कहा कि आगामी एक अप्रैल से जिले के सभी क्षेत्रों में पूर्ण नशा बंदी लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोगों को शराब की आदत छोड़ने तथा इससे होने वाले कुप्रभाव के बारे में अभियान के दौरान लोगों को जानकारी दी जाएगी। बैठक के दौरान अभियान को लेकर दस सदस्यों की टीम बनाने का निर्णय लिया गया। इस टीम जागरुकता अभियान की समय-समय पर समीक्षा करेगी। इस टीम में केआरपी, प्रखंड समन्वयक, टोला सेवक, शिक्षा सेवक व प्रेरक शामिल होंगे। बैठक में सभी प्रखंडों के केआरपी व प्रखंड समन्वयकों को सभी प्रेरक व टोला सेवक का शिविर 21 जनवरी को आयोजित करने का निर्देश दिया गया। बैठक में कई पदाधिकारी मौजूद थे।