उचकागांव थाना क्षेत्र के इटवा पुल के समीप स्थित मनीष पेट्रोल पंप के पास बाइक पर सवार दो अपराधियों ने एक किसान को गोली मार दिया। गोली लगने के बाद बेहोश किसान को आसपास के लोगों ने इलाज के लिये स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। लेकिन उनकी हालत नाजुक देखकर चिकित्सकों ने उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गयी है।
बताया जाता है कि इटवा गांव निवासी हीरालाल यादव मंगलवार की सुबह अपने घर से दूध लेकर कहीं जा रहे थे। इसी बीच सिवान-गोपालगंज मुख्य पथ पर मनीष पेट्रोल पंप के समीप पीछे से एक बाइक पर सवार होकर दो अपराधी पहुंचे तथा किसान हीरालाल यादव के पीठ में गोली मार दिया। गोली लगने के बाद हीरालाल यादव बेहोश हो गए। वही घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। बेहोश किसान को इलाज के लिये स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन घायल की हालत नाजुक देखकर चिकित्सकों ने उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंच थानाध्यक्ष नवीन कुमार मामले की जांच पड़ताल करने में जुट गए है।
पूर्व से चल रहा था कुछ लोगों से विवाद
इटवा गांव निवासी हीरालाल यादव ने बताया कि गांव के कुछ लोगों से भूमि विवाद चल रहा था। उन्होंने बताया कि पूर्व भी उनपर एक बार हमला किया गया था। लेकिन उस मामले में किसी प्रकार को कोई प्राथमिकी दर्ज नही हुई। हीरालाल यादव का बयान दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिये छापामारी कर रही है।