गुरुवार को जिलाधिकारी के जनता दरबार में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। दोपहर तक चले जनता दरबार में एडीएम जगदीश प्रसाद सिंह ने डेढ़ सौ लोगों के आवेदनों पर सुनवाई की तथा सभी मामलों में त्वरित गति से कार्रवाई करने का निर्देश जारी किया।
जनता दरबार में पहुंची नथुछाप गांव की लीलावती देवी ने सड़क दुर्घटना में पुत्र की मौत के उपरांत जीवन यापन के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की गुहार लगायी। एडीएम ने उंचकागांव सीओ को इस संबंध में जांच कर कार्रवाई का निर्देश दिया। उधर मीरगंज नगर के वार्ड संख्या तीन निवासी रवि कुमार केसरी ने नगर पंचायत पर अवैध रूप से रास्ता निर्माण कराने का आरोप लगाया। उंचकागांव प्रखंड के श्यामपुर गांव के मुकेश सिंह ने अनुकंपा के आधार पर नौकरी के लिए दिये गये आवेदन पर अबतक कोई भी कार्रवाई नहीं होने की शिकायत दर्ज करायी। विश्वंभरपुर थाना क्षेत्र के सुरेश कुमार राय ने भूमि विवाद के संबंध में शिकायत दर्ज करायी। जनता दरबार में पहुंचे अभिषेक कुमार कुशवाहा ने अपनी पुत्री के इलाज के लिए सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की गुहार लगायी। इस संबंध में सीएस को एडीएम ने दिशानिर्देश जारी किया। कटेया थाना क्षेत्र के रामा सिंह ने गेहूं क्षतिपूर्ति अनुदान की राशि का भुगतान अबतक नहीं होने के संबंध में शिकायत दर्ज करायी। जनता दरबार में इंदिरा आवास, गन्ना राशि का भुगतान नहीं होने, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन व किरासन तथा भूमि विवाद के मामले अधिक संख्या में सामने आए। जनता दरबार में सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारी मौजूद थे।