दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर छह साल पूर्व विवाहित एक महिला की शुक्रवार की रात गला दबाकर हत्या कर दी गयी। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतका के शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
जानकारी के अनुसार बरौली थाना क्षेत्र के देवापुर गांव की नवलाखो देवी नामक 28 वर्षीया महिला की शादी छह साल पूर्व महम्मदपुर थाना क्षेत्र के शीतलपुर गांव के सुरेन्द्र शर्मा के साथ हुई थी। शादी के बाद ससुराल जाने पर नवलाखो देवी को उसके पति व ससुराल के अन्य सदस्यों ने दहेज में नकदी की मांग के लिए प्रताड़ित करना शुरु कर दिया। काफी समय तक महिला ससुराल वालों की प्रताड़ना को झेलती रही। इसके बाद भी मांग पूरी नहीं हुई तो शुक्रवार की रात महिला की गला दबा कर हत्या कर दी गयी। मृत महिला के मायके के लोगों के बयान पर घटना की थाने में उसके पति सहित ससुराल के अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है। इस मामले में किसी की भी गिरफ्तारी की सूचना नहीं है।