प्रखंड के बैरिया दुर्ग पंचायत के ओझवलिया अनुसूचित जाति टोला में शनिवार की रात्रि अचानक आग लग जाने से चार घर जलकर राख हो गये। इस घटना में हजारों रुपये मूल्य की संपत्ति जलने की सूचना है।
बताया जाता है कि ओझवलिया अनुसूचित जाति टोला के लोग रात्रि समय अपने घरों को बंद कर सो रहे थे। इसी बीच अचानक शिवनाथ राम की झोपड़ी से आग की लपटें उठने लगी। इसके पूर्व कि गांव के लोग कुछ समझ पाते आग ने गांव के शिवनाथ राम, किशोर राम, कंचन राम, धनुही राम की झोंपड़ी को भी अपने आगोश में ले लिया। इस घटना में चारों घरों में रखे गये नकदी के अलावा बर्तन, फर्नीचर, अनाज, साइकिल सहित हजारों रुपये मूल्य की संपत्ति जलकर राख हो गयी। ग्रामीणों ने बताया कि गांव के धनूही राम की बेटी की शादी थी। वे अपनी बेटी की शादी की तैयारियों में थे। इस घटना में उनके घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए काफी परिश्रम के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने की सूचना मिलने पर सीओ के निर्देश पर राजस्व कर्मचारी कैलाश राम ने गांव में पहुंचकर अग्नि पीड़ितों की क्षति का मुआयना किया।