थाना क्षेत्र के कल्याणपुर मधुबनी गांव से पढ़ने के लिए स्कूल जा रहे एक मासूम बच्चे का अपहरण कर लिया गया। घटना को लेकर अपहृत मासूम के दादा के बयान पर थाने में दो लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गयी है।
जानकारी के अनुसार कल्याणपुर मधुबनी गांव के ध्रुव सिंह का सात वर्षीय पोता प्रभात कुमार सोमवार को अपने ही गांव में ही चलने वाले निजी विद्यालय में पढ़ने के लिए घर से निकला था। स्कूल की छुट्टी होने के बाद भी जब वह घर नहीं लौटा तो परिवार के लोगों ने उसकी खोजबीन शुरु की। कफी तलाश के बाद भी उसका कहीं सुराग नहीं मिला। इसके बाद अपहृत मासूम के दादा ध्रुप सिंह ने उसके अपहरण के आरोप में थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी। दर्ज प्राथमिकी में मिथिलेश सिंह सहित दो लोगों को नामजद किया गया है। घटना के संबंध में पूछे जाने पर सिधवलिया थानाध्यक्ष ने बताया कि इस कांड में आरोपी मिथिलेश सिंह घटना के सूचक ध्रुप सिंह का पुत्र है। घटना के पीछे पारिवारिक विवाद कारण है। पूरे मामले की छानबीन की जा रही है।