शुक्रवार को सदर अस्पताल में इलाज कराने आयी एक महिला का बच्चा गायब हो गया। बच्चा गायब होने से परेशानी महिला अस्पताल परिसर में ही रोने लगी। महिला को रोते देख वहां पहुंचे लोगों ने उन्हें काफी समझाने का प्रयास किया।
बताया जाता है कि शहर के जादोपुर चौक निवासी फुलमती देवी अपने पुत्र आदित्य कुमार को कुत्ते ने काट लिया था। शुक्रवार को फुलमति देवी अपने पुत्र अनूप कुमार तथा आदित्य कुमार के साथ एंटी रैबीज इंजेक्शन लगवाने आयी थी। इस बीच वे अपने छोटे पुत्र अनूप कुमार को खड़ा कर बड़े पुत्र आदित्य कुमार को सुई दिलवाने के लिये चली गयी। लेकिन जब वे वापस लौटी तो उनका पुत्र अनूप कुमार गायब मिला। काफी खोजने के बाद भी बच्चा नहीं मिलने पर महिला अस्पताल परिसर में ही रोने लगी। महिला को रोते देख वहां लोगों की भीड़ लग गयी। इस संबंध में पूछे जाने पर नगर थाना प्रभारी थानाध्यक्ष चंद्रिका राम ने बताया कि इस मामले की सूचना पुलिस को नहीं दी गयी है। अब जानकारी मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच पड़ताल करेगी।