नलकूप लगाकर चालू करना भूल गया विभाग

गेहूं की फसल की सिंचाई करने के लिए जद्दोजहद कर रहे किसानों को प्रखंड के भेड़िया गांव में लगा सरकारी नलकूप मुंह चिढ़ा रहा है। चार साल पूर्व भेड़िया गांव में सरकारी नलकूप लगाया गया। लेकिन इस नलकूप को लगाने के बाद विभाग इसे चालू करना भूल गया। जिससे किसानों में रोष बढ़ता जा रहा है। भेड़िया गांव के किसान बताते हैं कि चार साल पूर्व में इस गांव में राजकीय नलकूप लगाया गया। नलकूप भवन बनाया गया और नलकूप के लिए बिजली भी उपलब्ध करा दी गयी। खेतों तक पानी जा सके, इसके लिए भी व्यवस्था कर दी गयी। लेकिन इस नलकूप को लगाने के बाद विभाग इसे चालू करना भूल गया। नलकूप लगने के चार साल बाद भी इसे चालू नहीं किया गया। किसान बताते हैं कि नलकूप लगने के बाद भी यहां की खेती अभी भी मानसून पर निर्भर है। बारिश नहीं हुई तो धान की फसल सूख कर बर्बाद हो गयी। अब गेहूं की फसल की सिंचाई करने का समय है। किसान गेहूं की फसल की सिंचाई करने के लिए जद्दोजहद कर रहे हैं। इसके बाद भी नलकूप विभाग इस नलकूप को चालू करने के प्रति उदासीन बना हुआ है। जिससे किसानों में आक्रोश व्याप्त है।

Ads:






Ads Enquiry