भोरे बाजार स्थिति एक कपड़े की दुकान में पहुंचे दो युवकों को पुलिस ने एक अमेरिकन पिस्तौल, एक देशी पिस्तौल तथा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किये एक युवक पर सिवान तथा भोरे थाना में डकैती, लूट तथा हत्या के प्रयास के मामले दर्ज हैं। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।
बताया जाता है कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि डकैती, लूट तथा हत्या के प्रयास मामले का आरोपी भोरे थाना क्षेत्र के लामीचौर गांव निवासी विकास सिंह अपने साथी इसी गांव का निवासी गोलू सिंह के साथ भोरे बाजार स्थित एक दुकान में खरीदारी करने पहुंचा है। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने वहां छापेमारी कर विकास सिंह तथा गोलू सिंह को पकड़ लिया। इस दौरान उनकी तलाशी लेने पर उनके पास से एक अमेरिका मेड 2.65 एनएम का पिस्तौल, एक देशी पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस बरामद हुआ। थानाध्यक्ष सुरेश कुमार यादव ने बताया कि विकास सिंह पर सिवान के मैरवा थाना तथा भोरे थाना में डकैती लूट व हत्या के प्रयास के मामले दर्ज है। यह कुछ दिन पूर्व ही जेल से छूटा था। उन्होंने बताया कि गोलू सिंह विकास को बाइक से भोरे लगाया था। इनकी योजना की बड़ी घटना को अंजाम देने की थी। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।