महम्मदपुर में प्रसव के दौरान एक महिला की मौत हो गयी। मृत महिला के पति ने चिकित्सक आरके सिंह तथा आशा कार्यकर्ता शांति देवी के विरुद्ध गलत चिकित्सा करने के अरोप में सदोष मानव वध की प्राथमिकी दर्ज करायी है।
जानकारी के अनुसार महम्मदपुर थाना क्षेत्र के मझवलिया गांव के मुन्ना सिंह की पत्नी कविता देवी को प्रसव पीड़ा के बाद इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। इसी बीच कविता देवी की हालत बिगड़ने के बाद महिला के साथ अस्पताल पहुंची आशा कार्यकर्ता शांति देवी ने उसे डाक्टर आरके सिंह के क्लिनिक में इलाज के लिए भर्ती कराने की सलाह दी। घटना को लेकर मुन्ना सिंह ने दर्ज प्राथमिकी में आरोप लगाया है कि चिकित्सक की फीस जमा करने के बाद प्रसव के पूर्व उनकी पत्नी का आपरेशन किया गया। आपरेशन के दौरान उसका गलत इलाज किये जाने से उनकी पत्नी की मौत हो गयी। घटना को लेकर डाक्टर आरके सिंह तथा आशा कार्यकर्ता शांति देवी के विरुद्ध थाने में सदोष मानव वध की प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। इस मामले में किसी की भी गिरफ्तारी की सूचना नहीं है।