नगर के राजेंद्र बस स्टैंड में पुलिस ने रविवार को देर रात छापामारी कर एक निजी बस से युवक को दो देशी पिस्तौल व ग्यारह कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की सिवान के जामो थाने में दर्ज कई आपराधिक मामलों में पुलिस को तलाश थी।
नगर थाना के इंस्पेक्टर विमल कुमार ने बताया कि रविवार को देर रात पुलिस की टीम रात्रि गश्त कर रही थी। इसी बीच गश्ती दल नगर के राजेंद्र बस स्टैंड के समीप पहुंची। पुलिस को देखते ही एक युवक भागने लगे। संदेह के आधार पर पुलिस ने भाग रहे युवक का पीछा किया। इसी बीच भाग रहा युवक बस स्टैंड में खड़ी एक निजी बस में जाकर बैठ गया। पुलिस ने बस में प्रवेश कर युवक की तलाशी ली। तलाशी के दौरान युवक के पास मौजूद बैग से पुलिस ने दो देशी पिस्तौल व ग्यारह कारतूस बरामद किया। पकड़े गये युवक की पहचान सिवान जिले के जामो थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव के रूपेश शुक्ला के रूप में की गयी है। नगर थाना के इंस्पेक्टर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से पुछताछ करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया। उन्होंने बताया कि पूर्व में भी गिरफ्तार आरोपी पर कई आपराधिक मामले जामो थाने में दर्ज हैं।