फाइलेरिया पर रोकथाम को चलेगा ब्लड सर्वे अभियान

फाइलेरिया पर रोकथाम के लिए अब जिले के चयनित आठ गांव में ब्लड सर्वे अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत इन चयनित गांवों के सभी ग्रामीणों के रक्त पट संग्रह किये जाएंगे। जिसकी जांच के बाद ग्रामीण फाइलेरिया से ग्रसित तो नहीं हैं, इसका पता लगाया जाएगा। राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी फाइलेरिया से इस संबंध में निर्देश आने के बाद जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी ने किस गांव में किस दिन ब्लड सर्वे अभियान चलेगा इसकी सूची जारी कर दी है। इस संबंध में डीवीबीडीसी पदाधिकारी ने बताया कि 22 दिसंबर को बैकुंठपुर के उसरी, मांझा के छवही, कुचायकोट के कर्णपुरा तथा विजयीपुर के जगदीशपुर गांव में ब्लड सर्वे अभियान चलाकर ग्रामीणों के रक्त पट संग्रह किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसके अगले दिन 23 दिसंबर को बरौली के प्यारेपुर, गोपालगंज के मुसहर टोली हजियापुर, उचकागांव के जमसर बाजार तथा हथुआ के बड़कागांव में यह अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस अभियान को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी है। इस अभियान को सफल बनाने के लिए संबंधित क्षेत्र के थाना प्रभारियों से भी सहयोग मांगा गया है।

Ads:






Ads Enquiry