नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी तथा उपाध्यक्ष राहुल गांधी को बेवजह परेशान करने का आरोप लगाते हुए शनिवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर में विरोध मार्च निकाला। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष इफ्तेखार हैदर तथा प्रभारी विनय चंद्र श्रीवास्तव के नेतृत्व में शहीद स्मारक से निकला विरोध मार्च पोस्टआफिस चौक स्थिति देश के प्रथम राष्ट्रपति डा.राजेंद्र प्रसाद की प्रतिमा स्थल पर पहुंच कर सभा में तब्दील हो गया। सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि नेशनल हेराल्ड से अर्जित आय जनकल्याण में लगता है। यह मामला वित्त मंत्री अरुण जेटली के अधीन आता है। उनके ट्रस्ट की भी जांच निष्पक्ष एजेंसी से होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार के दबाव के कारण न्यायिक दण्डाधिकारी इस्तीफा दे रहे हैं। कांग्रेस करता सरकार के जुल्म को बर्दास्त नहीं करेंगे। विरोध मार्च में प्रेमनाथ राय शर्मा, अमूल्य रत्न शर्मा, शंभूनाथ शाही, जुल्फिकार अली भुट्टो सहित काफी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।