थावे थाना पुलिस ने बुधवार को थाना के सामने गोपालगंज सिवान पथ पर वाहन चेकिंग अभियान चला कर बिना कागज के पाए जाने पर 80 बाइक को जब्त कर लिया। बताया जाता है कि पुलिस अधीक्षक नताशा गुडि़या के आदेश के आलोक में बुधवार को थाना के सामने थावे पुलिस ने सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। पूरे दिन चले इस अभियान के दौरान उधर से गुजरने वाले हर वाहन की जांच पड़ताल की गयी। इस दौरान बिना वैध कागजात के पाये जाने पर पुलिस ने 80 बाइक को जब्त कर लिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष पंकज कुमार ने बताया कि जब्त की गयी बाइक के बारे में जांच पड़ताल की जा रही है। उन्होंने बताया कि वाहन चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।