थाना क्षेत्र के सोनवलिया गांव में गुरुवार की रात्रि चोरों ने तीन घरों से लाखों रुपये मूल्य की संपति की चोरी कर ली। घटना की जानकारी लोगों को शुक्रवार की सुबह तब हुई जब वे सो कर जगे। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में लग गयी है।
जानकारी के अनुसार गुरुवार की रात्रि सोनवलिया गांव के योगेंद्र मिश्रा, रामअयोध्या दुबे तथा कामेश्वर दुबे के परिवार के लोग अपने घरों में सो रहे थे। इसी बीच देर रात चोरों ने बारी बारी से तीनों घरों में प्रवेश कर घर में रखे गये नकदी, कीमती कपड़े व जेवरात सहित लाखों की संपति की चोरी कर ली। घटना को अंजाम देने के बाद चोर भाग निकलने में सफल रहे। नवंबर महीने में बैकुंठपुर थाना क्षेत्र में चोरी कर यह लगातार पांचवी घटना है। पुलिस इस माह हुयी चोरी की किसी भी घटना का भंडाफोड़ कर पाने में सफल नहीं हो सकी है।