आदमापुर घाट की दशा देख भड़के लोग

 कार्तिक पूर्णिमा पर बुधवार को प्रखंड के आदमापुर घाट पर कुव्यवस्था को देखकर ग्रामीण भड़क गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। हालांकि बाद में सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे प्रशिक्षु डीएसपी ने ग्रामीणों को समझा बुझा कर शांत कराया। बताया जाता है कि कार्तिक पूर्णिमा पर आदमापुर घाट पर स्नान करने लिए सैकड़ों लोग पहुंचे थे। लेकिन वहां गंदगी पसरी हुई थी। साफ सफाई के साथ ही वहां पर स्नान करने आने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए कोई व्यवस्था नहीं की गयी थी। जिससे स्नान करने पहुंचे लोग भड़क गए। लोगों ने समाजसेवी विजय बहादुर राय के नेतृत्व में जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनका आरोप था कि आदमापुर घाट पर न तो कोई बैरिकेटिंग किया गया है और ना ही पुलिस के जवान तैनात किये गए हैं। हालांकि बाद में सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे प्रशिक्षु डीएसपी विभाष कुमार ने लोगों को समझा बुझा कर शांत कराया। प्रदर्शन करने वालों में राजाराम राय, हरेराम कुमार, मिथलेश राय, बिक्की कुमार, अकिल राय, मुरारी सिंह सहित काफी संख्या में ग्रामीण शामिल रहे।

Ads:






Ads Enquiry