हथुआ स्थित टैक्सी स्टैंड के समीप सरकारी राशि से बनाये गए यात्री शेड पर लोगों ने कब्जा कर लिया है। हद तो यह कि अंचल कार्यालय को भी इस बात की जानकारी नहीं है कि इस आधे अधूरे यात्री शेड का निर्माण किस योजना मद से किया गया था।
जानकारी के अनुसार करीब दस साल पूर्व इस यात्री शेड का निर्माण कार्य शुरू किया गया था। निर्माण कार्य शुरू होने के कुछ दिनों बाद ही इसे बंद कर दिया गया। ऐसे में समय के साथ इस पर स्थानीय लोगों ने कब्जा करना शुरू कर दिया। आज स्थिति यह है कि इस शेड के चारों ओर लोगों ने बांस का चचरा (फाटक) लगाकर पूर्ण रूप से बंद कर दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस अर्द्ध निर्मित यात्री शेड को अगर अंचल द्वारा अतिक्रमण मुक्त कराकर पूर्ण करा दिया जाए तो यात्रियों को काफी राहत मिलेगी। लोगों का कहना है कि इस यात्री शेड के सटे सरकारी सुलभ शौचालय का भी निर्माण कराया गया है। लेकिन रखरखाव के अभाव में इसकी भी दशा दयनीय है। आम लोग इसके लिए स्थानीय ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधियों को जिम्मेदार बता रहे हैं। वहीं प्रखंड व अंचल कार्यालय में कर्मियों को इस बात की जानकारी तक नहीं है कि यात्री शेड किस योजना मद से बना है। स्थानीय लोगों ने इस यात्री शेड के निर्माण कार्य पूर्ण कराने तथा इसे कब्जे से मुक्त कराने की मांग की है।