चर्चित रीतेश सिंह अपहरण कांड में अब पुलिस की नजर सफेदपोशों पर आकर टिक गई है। अभी तक की पुलिस की जांच में जो तत्व सामने आये हैं, इससे यह साफ दिखने लगा है कि इस अपहरण कांड के तार रीतेश सिंह के गांव भुआली टोला से भी जुडे़ हैं। जांच के दौरान हाथ लगे सुरागों से पुलिस अब इस कांड पर से पर्दा उठाने के करीब पहुंच गयी है। इस कांड के मास्टर माइंड की धर पकड़ के लिए पुलिस ने अपना जाल भी बिछा दिया है।
बताया जाता है कि जादोपुर थाना क्षेत्र के भुआली टोला गांव निवासी केशव सिंह के पुत्र रीतेश कुमार सिंह को कुछ दिन पूर्व मांझा थाना क्षेत्र के दानापुर गांव के पास बुलाकर का अपहरण कर लिया गया था। सूत्र बताते हैं कि इस अपहरण कांड को लेकर दो माह पूर्व की साजिश रची दी गयी थी। अपहरण कर्ताओं ने रीतेश का अपने जाल में फंसाने के लिए एक लड़की का इस्तेमाल किया था। सूत्र बताते हैं कि इसी लड़की ने रीतेश को फोन कर मांझा थाना क्षेत्र के दानापुर गांव के पास बुलाया था। जहां पहुंचने के बाद रीतेश सिंह का अपहरण कर लिया गया। इस अपहरण कांड के बाद पुलिस लगातार अपहरणकर्ताओं की तलाश में जिले के विभिन्न ठिकानों के साथ ही सिवान जिले में भी कई कार छापामारी कर चुकी है। भुआली टोला गांव के भी दो लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। हालांकि पुलिस इस संबंध में कुछ भी बताने से परहेज कर रही है। लेकिन सूत्र बताते हैं कि रीतेश के अपहरण कराने के पीछे उसके ही गांव के कुछ जनप्रतिनिधियों का भी हाथ है। पुलिस इन जनप्रतिनिधियों को अपनी नजर बनाए हुए है। वहीं इस अपहरण कांड के मास्टर माइंड की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी अभियान चला रही है। सूत्र बताते हैं कि पुलिस इस अपहरण कांड को अंजाम देने वाले को चिन्हित कर चुकी है। जिससे इस अपहरण कांड पर से शीघ्र की पर्दा उठ जाने की संभावना दिखने लगी है।