थाना क्षेत्र के कोइनी गांव में विवाहित एक महिला की दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर उसके पति व ससुराल के अन्य लोगों ने जलाकर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद ससुराल के लोग घर छोड़कर फरार हो गए। जानकारी के अनुसार गोपालपुर थाना के रामपुर खुर्द गांव के अवधेश प्रसाद की 24 वर्षीया पुत्री प्रियंका कुमारी की शादी मांझा के कोइनी गांव के हिरामन कुशवाहा के साथ हुई थी। शादी के बाद ससुराल जाने पर प्रियंका को उसके ससुराल के लोग दहेज की मांग के लिए प्रताड़ित करने लगे। कुछ दिनों तक वह ससुराल के लोगों की प्रताड़ना को झेलती रही। लेकिन अंत में बुधवार को रात्रि प्रियंका की ससुराल के लोगों ने जलाकर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष चंद्रिका राम दलबल के साथ मौके पर पहुंच गए तथा मृत युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। घटना को लेकर मृत महिला की मां मंजू देवी के बयान पर प्रियंका के पति व अन्य ससुराल वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। कांड अंकित कर पुलिस आरोपियों की धर पकड़ के लिए छापामारी कर रही है।