नगर के विस्कोमान भवन पर बनाये गये मतगणना केन्द्र पर थ्री लेयर सिक्योरिटी रहेगी। यहां क्लोज सर्किट कैमरे भी लगाये जा रहे हैं। ताकि मतगणना केन्द्र पर हर तरह से नजर रखी जा सके।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि विधानसभा चुनाव के बाद ईवीएम नगर के विस्कोमान भवन परिसर में रखे जाएंगे। इसी स्थान पर मतों की गणना भी की जाएगी। इस कार्य के लिए विस्कोमान भवन को तैयार किया जा रहा है। ईवीएम सिल करने से लेकर अन्य कार्य तेजी से कराये जा रहे हैं। मतगणना केन्द्र पर भारी संख्या में कर्मी व मजदूर प्रति दिन कार्य में लगे हुए हैं। मतों की गणना के पूर्व यहां ड्राप गेट से लेकर बैरिकेटिंग आदि के पुख्ता प्रबंध कर लिये जाएंगे। जिला निर्वाचन कार्यालय के सूत्रों ने बताया कि मतगणना केन्द्र पर थ्री लेयर सिक्योरिटी सिस्टम को तैयार किया जा रहा है। इसके अलावा गणना केन्द्र व आसपास के इलाकों में कड़ी नजर रखने के लिए कई क्लोज सर्किट कैमरे भी लगाये जा रहे हैं। इन कैमरों के माध्यम से मतगणना केन्द्र के आसपास के इलाकों पर भी कड़ी नजर रखी जाएगी। मतों की गणना के दिन गणना की प्रक्रिया की वीडियोग्राफी होगी। मतदान के दो दिन पूर्व से ही मतगणना केन्द्र पर सुरक्षा प्रबंध और कड़े कर दिये जाएंगे। साथ ही ईवीएम की सुरक्षा के लिए सैकड़ों की संख्या में जवान व पुलिस अधिकारियों की तैनाती की जाएगी।