ऐतिहासिक थावे दुर्गा मंदिर में दशमी तक कड़ी चौकसी बरतने का निर्देश दिया गया है। इन दोनों भक्तों की भारी भीड़ जमा होने की संभावना को देखते हुए मंदिर प्रक्षेत्र के अलावा आसपास के इलाकों में करीब दो दर्जन दंडाधिकारियों के अलावा कई पुलिस पदाधिकारियों व सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है। जिला प्रशासन ने तीन दिनों तक थावे मंदिर व आसपास के इलाकों में विधि व्यवस्था को संभालने वाले अधिकारी हर दिन का खैरियत प्रतिवेदन भी तलब किया है।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि थावे दुर्गा मंदिर तथा आसपास के इलाकों में सप्तमी से दशमी तक भारी संख्या में भक्तों की भीड़ जमा होने को लेकर सतर्क हुए प्रशासन ने कई तैयारियां की है। इसके लिए स्थानों को चिन्हित करते हुए जिला प्रशासन ने हर स्थान पर सुरक्षा बलों को तैनात किया है। इनके अलावा थावे दुर्गा मंदिर के प्रवेश द्वार पर हर समय दो महिला पदाधिकारियों सहित चार पदाधिकारी व थावे थाना के एक दरोगा लाठी बल के साथ तैनात रहेंगे। मंदिर के निकास द्वार पर भी एक महिला पदाधिकारी सहित दो पदाधिकारी तथा सुरक्षा बल के साथ पुलिस पदाधिकारी रहेंगे। मंदिर परिसर में भक्तों की सुरक्षा को देखते हुए भी विशेष तौर पर तैयारी की गयी है। साथ ही टै्रफिक नियंत्रण के लिए भी पदाधिकारी लगाये गये हैं।
चेन स्नेचरों पर कड़ी नजर
थावे दुर्गा मंदिर परिसर तथा आसपास के इलाकों में पूर्व में चेन छीने जाने की घटनाओं से सबक लेते हुए प्रशासन ने चेन स्नेचरों पर नजर रखने का निर्देश दिया। चोरी व पाकेटमारी की घटनाओं पर नियंत्रण के लिए स्वयंसेवकों के साथ ही पुलिस बल को विशेष तौर पर निर्देश दिया गया है।
प्रमुख स्थान जहां तैनात किए गए दंडाधिकारी
* थावे मंदिर का प्रवेश द्वार
* थावे मंदिर के निकास द्वार
* थावे मेला सुरक्षित व नियंत्रण कक्ष
* ट्रैफिक नियंत्रण, गोलंबर चौक
* पुराना थाना चौक, थावे
* थावे बाजार तीन मुहानी चौक
* लछवार मेला
* थावे से ईटवा पुल
* थावे से तुरकाहां पुल
* इटवा पुल पर स्टैटिक पदाधिकारी
* कविलासपुर से केशोपुर तक गश्ती
* केशोपुर से बंगरा तक गश्ती