थावे थाना क्षेत्र के वृंदावन गांव में किराए के मकान में रहने वाली एक नर्तकी को उसके ही प्रेमी ने बुधवार की सुबह चाकू मार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल नर्तकी को इलाज के लिए आसपास के लोगों ने स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसकी हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
बताया जाता है कि पश्चिम बंगाल के तीरागढ़ जिले के रहने वाली नर्तकी आलिया खान थावे थाना क्षेत्र के वृंदावन गांव के समीप एक आर्केस्ट्रा संचालक के यहां डांस का काम करती है। बुधवार की सुबह थावे थाना क्षेत्र के पैठानपट्टी गांव का एक युवक नर्तकी आलिया खान से मिलने के लिए पहुंचा। इस दौरान दोनों के बीच में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। जिससे नाराज आलिया खान के प्रेमी ने उसपर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में नर्तकी आलिया खान गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद उसका प्रेमी वहां से फरार हो गया। घटना के बाद आसपास के लोगों ने घायल नर्तकी को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी हालत गंभीर देखकर चिकित्सकों ने उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया। घायल आलिया खान ने बताया कि वह पिछले कई साल से उससे प्रेम करती थी। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।