कुचायकोट थाना क्षेत्र के बलथरी गांव में मुखिया के बथान पर पहुंचे बाइक सवार चार अपराधियों ने कई राउंड गोलियां चलाकर दहशत फैला दी। फायरिंग की इस घटना में मुखिया के भाई घायल हो गए। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी बाइक लेकर भाग निकले । आसपास के लोगों ने घायल मुखिया के भाई को इलाज के लिए कुचायकोट स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।
जानकारी के अनुसार कुचायकोट प्रखंड के भोपतापुर पंचायत के मुखिया अखिलेश्वर शाही के पड़ोसी के घर श्राद्धकर्म आयोजित था। मुखिया अपने परिवार के लोगों के साथ बलथरी गांव स्थित अपने बथान पर बैठे थे। इसी बीच सोमवार की शाम अचानक दो बाइक पर सवार होकर चार अपराधी मुखिया के बथान के सामने पहुंचे और आते ही मुखिया पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके पुलिस की मुखिया व उनके परिवार के लोग संभल पाते एक गोली मुखिया के भाई मुकेश शाही को लग गई। कई राउंड गोली चलाने के बाद बाइक सवार अपराधी भाग निकलने में सफल हो गए। आसपास के लोगों ने घायल मुकेश शाही को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। उधर घटना की सूचना मिलने के बाद तत्काल कुचायकोट थाने के अलावा, गोपालपुर व विश्वंभरपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटना स्थल से दो खोखा बरामद किया है। फायरिंग की घटना के बाद बलथरी गांव में अचानक दहशत का माहौल कायम हो गया। पुलिस घटना की प्राथमिकी दर्ज करने के बाद मामले की छानबीन में लग गई है। कुचायकोट थानाध्यक्ष ने बताया कि जल्द ही घटना को अंजाम देने वाले अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उनकी पहचान के लिए कार्रवाई की जा रही है।
अचानक फायरिंग से सकते में आ गए लोग
सोमवार को देर शाम तक तक बलथरी गांव का माहौल पूरी तरह से शांत था। मुखिया अखिलेश्वर शाही के पड़ोसी के घर आयोजित श्राद्धकर्म के बाद लोग खाना खा रहे थे। इसी बीच अचानक हुई फायरिंग की घटना के बाद पूरे गांव के लोग सकते में आ गए। जो जहां था, वहीं ठहर गया। इसके पूर्व कि लोग कुछ समय पाते बाइक पर आए अपराधी फायरिंग के बाद आसानी से भाग निकलने में सफल हो गए।
ग्रामीणों ने बताया कि अक्सर मुखिया अखिलेश्वर शाही अपने बथान में ही बैठा करते थे। सोमवार की शाम भी वे अपने भाई मुकेश शाही व अन्य लोगों के साथ बंगले में ही थे। इसी बीच बाइक से पहुंचे अपराधियों ने फायरिंग झोंक दिया। गोली चलाए जाने के दौरान अपराधियों ने बाइक को चालू ही रखा। अपराधियों द्वारा चलाई गई गोली मुखिया के चार पहिया वाहन पर भी जाकर लगी। इस घटना के बाद गांव में अफरातफरी का माहौल कायम हो गया। ग्रामीण भी घटना के बाद भयभीत दिखे। गोली लगने से घायल मुखिया के भाई को लोगों ने तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। इस घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है।