दरवाजे से लौटी बरात, दूल्हे व उसके पिता को बनाया बंधक

मांझा के आलापुर गांव में रविवार की देर शाम आई बरात के दौरान लड़का तथा लड़की पक्ष के बीच विवाद हो गया। लड़की पक्ष के लोगों ने चढ़ाने के लिए नकली गहना लाने तथा और दहेज की मांग करने पर बरात को वापस कर दूल्हे तथा उसके पिता को बंधक बना लिया। हालांकि रात भर बंधक बने रहने के बाद सोमवार को इस मामले को सुलझाने के लिए पंचायती हुई। घंटों चली पंचायती में लड़की पक्ष द्वारा पूर्व में दिए गए सामान को वापस करने के बाद दूल्हे तथा उनके पिता को मुक्त कर दिया गया। इसके बाद बिना शादी के दूल्हा तथा उनके पिता अपने घर चले गए।
बताया जाता है कि मांझा प्रखंड के आलापुर गांव निवासी रामनाथ प्रसाद के पुत्री की शादी सिवान जिले के महाराजगंज के बंगरा गांव निवासी कैलाश प्रसाद कुशवाहा के पुत्र राहुल कुमार के साथ तय हुई। लड़की पक्ष का कहना है कि शादी तय होने के बाद उन्होंने लड़के के पिता को पांच लाख रुपया नगद, फर्नीचर, टीवी, बाइक सहित अन्य सामान दे दिया। रविवार की देर शाम गाजे बाजे के साथ बरात आलापुर गांव पहुंची। बरात पहुंचने के बाद द्वार पूजा का कार्यक्रम भी संपन्न हो गया। द्वार पूजा के बाद दूल्हा मंडप में पहुंचा तथा लड़के पक्ष द्वारा लगाया गया सामान रखा जाने लगा। जिसे देखकर लड़की पक्ष के लोग भड़क गए। चढ़ाने के लिए कम सामान लाने को लेकर लड़की तथा लड़के पक्ष के लोगों के बीच विवाद शुरू हो गया तथा वे लोग आपस में उलझ गए। लड़की पक्ष का आरोप था कि भरपूर सामान देने के बाद भी लड़के पक्ष ने कोई सामान नहीं लाया है और जो गहना लाया गया है वह भी नकली है। आक्रोशित लड़की पक्ष के लोगों ने बरात को वापस कर दिया तथा दूल्हे तथा उनके पिता को बंधक बना लिया। उनका यह भी आरोप था कि शादी करने से पहले और दहेज की मांग की जा रही थी। हालांकि लड़के पक्ष के लोगों का कहना था कि दहेज की मांग नहीं की गई थी। कम सामान लाने के कारण बरात को वापस कर दिया गया। बताया जाता है कि रात भी दूल्हे तथा उनके पिता को बंधक बनाने के बाद सोमवार को मामला सुलझाने के लिए ग्रामीणों की पहल पर दोनों पक्ष के बीच पंचायती हुई। घंटों चली पंचायती के बाद दूल्हे पक्ष के लोगों ने पूर्व में लिए गए सामान को लौट दिया। इसके बाद दूल्हे तथा दूल्हे के पिता को लड़की पक्ष के लोगों ने मुक्त कर दिया। इसके बाद बिना शादी के दूल्हा व उनके पिता वापस अपने घर चले गए।

Ads:

सम्बंधित खबरें:







Ads Enquiry