मांझा थाना क्षेत्र के मधुसरेया गांव में दो भाइयों के बीच आपस में विवाद हो गया। जिससे नाराज एक भाई ने अपनी भाभी को चाकू घोंप कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घायल महिला को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। लेकिन उनकी हालत गंभीर देख चिकित्सक ने उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया। घायल महिला का बयान दर्ज कर पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
बताया जाता है कि मधुसरेया गांव निवासी चंद्रबली यादव का अपने भाई मनोज यादव से सोमवार की सुबह किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इस विवाद में चंद्रबली यादव की पत्नी कुंती देवी भी बीच में पड़ गई। जिससे आक्रोशित मनोज यादव ने अपनी भाभी कुंती देवी को चाकू घोंप दिया। बताया जाता है कि चाकू घोंपने से गंभीर रूप से घायल कुंती देवी गिर कर बेहोश हो गईं। उन्हें इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। लेकिन उनकी हालत गंभीर देख चिकित्सक ने उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया।