खुलेगा कॉलेज, छात्राओं को मिलेगी तकनीकी शिक्षा

Sun, 23April 2017
अब छात्राओं को जिले के अंदर ही तकनीकी शिक्षा मिल सकेगी। तकनीकी शिक्षा के लिए छात्राओं को जहां-तहां भटकने से मुक्ति मिल जाएगी। सरकार के निर्देश पर जिले में महिला औद्योगिक प्रशिक्षण कॉलेज खोले जाने का रास्ता साफ हो गया है। इसके लिए स्थल चयन की कवायद भी पूरी कर ली गई है। प्रशासनिक निर्णय के अनुसार नया महिला औद्योगिक प्रशिक्षण कॉलेज कुचायकोट प्रखंड के सिपाया में खोला जाएगा। अगर सबकुछ निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार हुआ तो अगले वर्ष तक इस कॉलेज का विधिवत उद्घाटन भी हो जाएगा।
वैसे यहां स्नातक तक की शिक्षा छात्राओं को देने की व्यवस्था लंबे समय से है। छात्रों के लिए तो सिपाया व हथुआ में तकनीकी शिक्षण संस्थान खोले गए थे। लेकिन छात्राओं के लिए इन केंद्रों का अभाव था। लंबे समय से छात्राओं के लिए भी तकनीकी शिक्षण केन्द्र की मांग भी उठ रही थी। सरकार ने वर्तमान वित्तीय वर्ष की शुरुआत में ही जिले में महिला औद्योगिक प्रशिक्षण कॉलेज खोलने की मंजूरी दे दी। लेकिन भूमि की उपलब्धता के लिए कई माह से प्रशासनिक स्तर पर मंथन किया जा रहा था। लंबे प्रयास के बाद सिपाया में नए महिला औद्योगिक प्रशिक्षण कॉलेज के लिए अब जमीन उपलब्ध करा दिया गया है। कुचायकोट प्रखंड के सिपाया के जमीन मिलने के बाद अब कॉलेज निर्माण की कवायद शुरू हो गई है।

सिपाया में ही खुलेगा महिला डिग्री कॉलेज
 जिले में महिला डिग्री कॉलेज के नाम पर एकमात्र कॉलेज महेंद्र महिला महाविद्यालय ही है। लेकिन अब सरकार ने एक और महिला डिग्री कॉलेज खोले जाने को मंजूरी दिया है। इसके तहत सिपाया में एक और महिला डिग्री कॉलेज खोला जाएगा। प्रशासनिक स्तर पर इसके लिए भी जमीन उपलब्ध करा दिया गया है।

सिपाया में ही खुलेगा अभियंत्रण कॉलेज
 प्रशासन ने सिपाया में ही अभियंत्रण कॉलेज को खोले जाने को मंजूरी प्रदान किया है। इस कॉलेज के खुलने के बाद छात्र-छात्राओं को अभियंता की डिग्री हासिल करने के लिए दूर दराज तक नहीं जाना पड़ेगा। इस कॉलेज के लिए भी शासन व प्रशासन की मंजूरी प्रदान कर दी गई है।

मानपुर में पालिटेक्निक कॉलेज
 सिपाया में तीन नए कॉलेज के अलावा इसी वित्तीय वर्ष में बैकुंठपुर के मानपुर में पालिटेक्निक कॉलेज को भी मंजूरी दी गई है। इस कॉलेज के लिए जमीन अधिग्रहण का कार्य भी पूर्ण कर लिया गया है। करोड़ों की लागत से बनने वाले इस कॉलेज का निर्माण कार्य भी जल्द ही प्रारंभ होगा।

कहां खुलेगा कौन कॉलेज
* सिपाया में महिला औद्योगिक प्रशिक्षण केन्द्र।
* सिपाया में महिला डिग्री कॉलेज।
* सिपाया में अभियंत्रण प्रशिक्षण कॉलेज।
* बैकुंठपुर के मानपुर में पॉलिटेक्निक कॉलेज।
Ads:






Ads Enquiry