Sun, 24 Apr 2016
भीषण गर्मी में प्रखंड के नवसृजित प्राथमिक विद्यालय भवानीगंज के बच्चे पानी के लिए भटक रहे हैं। इस विद्यालय में एक भी चापाकल नहीं होना बच्चों पर भारी पड़ रहा है। इस बीच शनिवार को विद्यालय के पास लगे चापाकल का भी हैंडिल कुछ लोगों ने खोल दिया। जिससे आक्रोशित बच्चों ने निवर्तमान मुखिया मनोरंजन सिंह का घेराव कर दिया। बच्चे चापाकल का हेंडिल लगाने की मांग कर रहे थे। बताया जाता है कि नवसृजित प्राथमिक विद्यालय भवानीगंज का अपना भवन नहीं है और ना ही यहां चापाकल लगाया गया है। जिससे बच्चे इस विद्यालय के पास लगाए गए सरकारी चापाकल से पानी पीते थे। इसी बीच शनिवार को जब बच्चे सरकारी चापाकल पर पानी पीने गए तो कुछ लोग उसका हैंडिल खोल कर अपने साथ लेते चले गए। जिससे बच्चे आक्रोशित हो गए। बच्चे निवर्तमान मुखिया के घर पर पहुंच कर उनका घेराव कर लिया। वे पानी उपलब्ध कराने की मांग कर रहे थे। हालांकि बाद में मुखिया ने पानी की व्यवस्था करने का आश्वासन देकर बच्चों को शांत कराया।