Gopalganj News: चेक प्वाइंट तैनात रहे जवान, कड़ी रही सुरक्षा

Wed, 18 May 2016

सातवें चरण के मतदान के दौरान बूथ पर जवान पूरी तरह से सतर्क रहे। पर्याप्त चौकसी के कारण बरौली व सिधवलिया प्रखंड के बाजारों व चौक-चौराहों पर शांति का माहौल रहा। दुकानें बंद रहीं और बनाए गए चेक प्वाइंट पर आने-जाने वाले लोगों की जांच के लिए जवान तैनात रहे। पूरे दिन वरीय अधिकारियों के वाहन शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने के लिए दौड़ते दिखे।

बुधवार को सातवें चरण का मतदान सिधवलिया व बरौली प्रखंड में सुबह सात बजे से प्रारंभ हुआ। मतदान प्रारंभ होने के पूर्व से ही इन इलाकों की सड़कों पर वीरानगी छाई रही। दोनों प्रखंड मुख्यालय के अलावा बढ़ेया, शेर, विशुनपुरा, मिर्जापुर, महम्मदपुर, बरहिमा सहित दोनों प्रखंड के सभी प्रमुख बाजारों की दुकानें सुबह से ही बंद रहीं। कहीं दुकानें खुलीं भी तो वहां लोगों की उपस्थिति नगण्य रही। इन दोनों प्रखंड की सड़कों पर केवल पुलिस प्रशासन की गाडि़यां ही नजर आई। बीच-बीच में इक्के-दुक्के मतदाताओं के वाहन भी दिखे। सुरक्षा को लेकर प्रशासनिक स्तर पर बनाए गए चेक प्वाइंट पर तैनात जवान सतर्क निगाह से हर आने-जाने वाले व्यक्ति व वाहन पर नजर रखे दिखे। ये जवान आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति की जांच में लगे रहे। गश्ती दल भी एक मतदान केंद्र से दूसरे मतदान केंद्र पर पहुंच कर मतदान कार्य का मुआयना करता दिखा। खुद जिलाधिकारी राहुल कुमार, पुलिस अधीक्षक रवि रंजन कुमार सहित वरीय पदाधिकारी मतदान केंद्रों पर पहुंचकर वहां की स्थिति का जायजा लगते रहे। प्रशासनिक सख्ती के कारण प्रखंड क्षेत्र में छिटपुट घटनाओं को छोड़ कर मतदान शांति पूर्वक चला। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदाताओं ने भी निर्भीक होकर मतदान किया।

Ads:






Ads Enquiry