Mon, 23 May 2016
थाना क्षेत्र के एकडेरवां पंचायत के एकडेरवां पोखरा पर निर्मित 21 छठ प्रतिमा को रविवार की रात असामाजिक तत्वों ने तोड़ दिया। सोमवार को सुबह इस बात की जानकारी होने पर गांव में तनाव व्याप्त हो गया। आक्रोशित लोगों ने असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई करने की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसी बीच छठ प्रतिमा तोड़ने की सूचना मिलते ही थावे थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार, कुचायकोट थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार, विजयीपुर थानाध्यक्ष पंकज कुमार, विशंभरपुर थानाध्यक्ष गौतम कुमार सहित बरौली तथा मांझा थाना की पुलिस मौके पर पहुंच गई। छठ प्रतिमा तोड़ने की जानकारी मिलने पर बीडीओ मीनू कुमारी तथा सीओ भी वहां पहुंच गए। उन्होंने लोगों को समझा बुझा कर शांत कराया और ग्रामीण तथा प्रशासन के सहयोग से तोड़े गए प्रतिमा की मरम्मत का कार्य शुरू किया गया।
बताया जाता है कि रविवार की रात असामाजिक तत्वों ने एकडेरवां गांव में स्थित पोखरे के किनारे बने छठ प्रतिमाओं को तोड़ दिया। सोमवार की सुबह जब कुछ ग्रामीण पोखरे की तरफ गए तो उन्हें छठ प्रतिमाओं को तोड़ने की जानकारी हुई। देखते ही देखते पूरे गांव में छठ प्रतिमाओं को तोड़ने की बात फैल गई और गांव में तनाव उत्पन्न हो गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसी बीच सूचना मिलते ही बीडीओ, सीओ सहित कई थाना की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने लोगों को समझा बुझा कर शांत कराया तथा ग्रामीणों के सहयोग से छठ प्रतिमाओं का मरम्मत कर कार्य शुरू किया गया।