Fri, 06 May 2016
सूबे के गन्ना विकास उद्योग मंत्री खुर्शीद आलम ने सदर प्रखंड के विभिन्न गांवों में चौपाल लगाकर गन्ना किसानों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान मंत्री ने गन्ना किसानों से सरकार से मिलने वाली सब्सिडी के बारे में जानकारी ली। इसके साथ ही गन्ना किसानों को हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया।
सूबे के गन्ना उद्योग मंत्री श्री आलम शनिवार की रात यहां पहुंचे। शुक्रवार की सुबह सर्किट हाउस में गन्ना उद्योग विभाग के पदाधिकारियों से जिले में गन्ना किसानों की स्थिति को लेकर सवाल-जवाब किया। यहां से मंत्री पूर्व विधायक मंजीत कुमार सिंह, जदयू के पूर्व जिलाध्यक्ष सदानंद सिंह के साथ गन्ना किसानों का हाल जाने सदर प्रखंड के गांवों की तरफ निकल पड़े। मंत्री ने सदर प्रखंड के भितभेरवां, एकडेरवा, कररिया सहित कई गांवों में चौपाल लगाकर गन्ना किसानों की समस्याओं को सुना। उन्होंने किसानों से सरकार से मिलने वाली सब्सिडी के बारे में जानकारी ली। इस दौरान मंत्री ने सब्सिडी लेकर गन्ना की खेती करने वाले किसानों के खेतों में जाकर फसल का हाल भी जाना। मंत्री ने किसानों से कहा कि सरकार गन्ना किसानों की मदद के लिए कई योजनाएं चला रही है। उन्नत तरीके से खेती करने के लिए सरकार सब्सिडी दे रही है। उन्होने गन्ना किसानों को हर संभव मदद दिलाने का आश्वासन भी दिया। किसानों की समस्या सुनने के बाद सर्किट हाउस में मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री गन्ना विकास योजना के बारे में किसानों को जानकारी नहीं दी गयी है। जिससे यहां के अधिकांश किसान इस योजना के लाभ से वंचित हैं। उन्होने कही मुख्यमंत्री के निर्देश पर वे जिले में तीन दिन रहकर विभिन्न प्रखंडों में जाकर गन्ना की खेती का धरातल पर जांच पड़ताल करेंगे।