Fri, 08 Apr 2016
पंचायत चुनाव के दौरान दस हजार से अधिक मत पेटिका की दरकार होगी। प्रशासनिक स्तर पर प्रखंड स्तर पर मत पेटिका की जरुरत का आकलन कार्य पूर्ण कर लिया गया है। जिले में उपलब्ध मत पेटिका की अपेक्षा इसकी जरुरत अधिक देखते हुए उत्तरप्रदेश के बलिया जिले से इन्हें मंगाए जाने की तैयारियां प्रारंभ की गयी है।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि जिले में आठ चरण में पंचायत चुनाव कराया जाना है। पंचायत चुनाव को लेकर नामांकन दाखिला का कार्य सभी चौदह प्रखंड में पूर्ण हो गया है। ऐसे में अब प्रशासनिक स्तर पर शांतिपूर्ण माहौल में पंचायत चुनाव संपन्न कराने की तैयारियां प्रारंभ कर दी गयी है। विभागीय आंकड़ों की मानें तो बैलेट पेपर से चुनाव होने के कारण मतदान में बैलेट बाक्स का इस्तेमाल किया जाएगा। पंचायत चुनाव को लेकर पूरे जिले में 3177 बूथ के अलावा 48 चलंत मतदान केन्द्र बनाए गये हैं। करीब सात हजार पदों के लिए हो रहे इस चुनाव में प्रशासनिक स्तर पर 10256 मतपेटिका की जरुरत होने का आकलन किया है। इनमें बड़ी मतपेटिका की संख्या 3571 तथा मध्यम मतपेटिका की संख्या 6715 है। जिले में बड़ी मतपेटिका की संख्या जरुरत से कम होने के कारण प्रशासनिक स्तर पर 800 मतपेटिका की मांग की गयी थी।
जल्द ही पहुंचेगी मतपेटिका
जरुरत से कम मतपेटिका उपलब्ध होने के कारण आठ सौ मतपेटिका यूपी के बलिया जिले से की गयी है। बताया जाता है कि मतपेटिका के संबंध में प्रशासनिक स्तर पर राज्य निर्वाचन आयोग ने यूपी के राज्य निर्वाचन आयोग को पत्र लिखा है। समझा जाता है कि अगले सप्ताह तक आठ सौ मतपेटिका बलिया से उपलब्ध करायी जाएगी।
कहां कितनी मतपेटिका की दरकार
प्रखंड बड़ी मध्यम मतपेटी
कटेया 176 352
पंचदेवरी 150 295
विजयीपुर 214 431
भोरे 275 312
फुलवरिया 187 374
उंचकागांव 220 440
हथुआ 350 710
थावे 168 337
गोपालगंज 220 358
कुचायकोट 485 969
मांझा 300 599
बरौली 270 500
सिधवलिया 205 400
बैकुंठपुर 321 638
कुल 3541 6715