मीरगंज थाना क्षेत्र के लाइन बाजार में साइकिल चोरी करने वाला गिरोह पूरी तरह से सक्रिय हो गया है। आये दिन बाजार व आसपास के इलाकों में हो रही साइकिल चोरी की घटना से लोग पूरी तरह से त्रस्त हो गये हैं। बावजूद इसके पुलिस अपने स्तर से कोई भी कार्रवाई करने से परहेज कर रही है।
जानकारी के अनुसार लाइन बाजार में स्थित दुकान के सामने सड़क के किनारे अपनी साइकिल को खड़ी कर खरीदारी करने गये ग्रामीणों की साइकिलें आए दिन चोरी हो रही है। जिससे ग्रामीणों का बाजार में साइकिल लेकर जाना एक बड़ी समस्या बन गयी है। यह स्थिति तब है जब साइकिल सवार अपने साइकिल का ताला बंद कर इधर उधर समान की खरीदारी करने जाते है। उचकागांव, फुलवरिया और मीरगंज थाना क्षेत्र के सीमा पर स्थित इस बाजार के होने के कारण इन चोरों से तीनों थाना क्षेत्रों के लोग प्रभावित है। इसके बावजूद भी पुलिस मामले में कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। जिससे चोर सक्रिय चल रहे है। इसी दौरान शुक्रवार की शाम चोरों द्वारा ब्रहमाइन गांव के जाहिद अली की साइकिल की चोरी कर ली गयी। इस संबंध में मीरगंज थानाध्यक्ष अक्षय लाल यादव ने कहा कि चोरों की घटनाओं को लेकर कोई लिखित शिकायत नहीं मिलने के कारण पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर पा रही है।