बरौली प्रखंड कार्यालय के समीप तेज गति से आ रही एक बोलेरो की चपेट में आ जाने से साइकिल सवार व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराए जाने के बाद साइकिल सवार की मौत हो गयी।
जानकारी के अनुसार सिधवलिया थाना क्षेत्र के हलुआर तिवारी टोला गांव के कृष्णा चौबे साइकिल पर सवार होकर कहीं से घर लौट रहे थे। बताया जाता है कि घर वापसी के क्रम में वे जैसे ही सिवान-सरफरा पथ पर बरौली प्रखंड कार्यालय के सामने पहुंचे, तेज गति से आ रही बोलेरो ने उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दिया। इस घटना में गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें बरौली स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। इलाज के क्रम में ही उनकी मौत हो गयी। घटना को लेकर मृतक कृष्णा चौबे की भाभी बीना कुंवर के बयान पर अज्ञात बोलेरो चालक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गयी है।