एनएच- 28 पर स्थित बलथरी समेकित जांच बैरियर पर मंगलवार की शाम ट्रक ड्राइवर द्वारा आत्महत्या की प्रयास किये जाने की सूचना के बाद जिले के वरीय अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। सदर एसडीओ मृत्युंजय कुमार और एसडीपीओ मनेाज कुमार ने मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ली और सेल्स टैक्स कर्मियों के कार्य प्रणाली से नाखुश होकर सेल टैक्स पदाधिकारी को फटकार भी लगायी।
बुधवार को वरीय पदाधिकारियों के मौके पर पहुंचने के बाद सेल्स टैक्स विभाग ने ट्रक का आनन फानन में पेनाल्टी चालान बुक किया और ट्रक चालक को जुर्माना की रकम जमा कर वाहन ले जाने की अनुमति दे दी। विदित हो कि सेल टैक्स कर्मियों से नाखुश एक ट्रक ड्राइवर ने मंगलवार की शाम अपने शरीर पर किरोसीन तेल छिड़क कर आत्महत्या का प्रयास किया था। उत्तर प्रदेश के ईटावां जिला के रहने वाले ड्राइवर विशेष कुमार का कहना था कि पिछले एक सप्ताह से ट्रक जांच के नाम पर रोक कर रखा गया था और न तो उस ट्रक का फाइन किया जा रहा था और न ही आगे जाने की अनुमति दी जाती थी। चारों तरफ से निराश होकर विशेष कुमार ने मंगलवार की शाम आत्महत्या का प्रयास किया था। हालांकि आसपास के ट्रक चालकों व अन्य ग्रामीणों की सक्रियता के कारण वह आत्महत्या करने में सफल नहीं हो सका। इस बात की जानकारी जैसे ही वरिय पदाधिकारी को लगी तो सदर एसडीओ और एसडीपीओ ने थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर ट्रक ड्राइवर से बात की और पूरे मामले की जानकारी ली। साथ ही सेल्स टैक्स पदाधिकारियों से तुरंत आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।