थाना क्षेत्र के अस्पताल रोड स्थित एक निजी विद्यालय में बुधवार को गड्ढे में गिरने से मासूम बच्चे की मौत हो गयी। बच्चे की मौत के बाद उग्र लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। उग्र परिजनों ने विद्यालय में पहुंचकर जमकर तोड़फोड़ करने के बाद आगजनी की व हंगामा करने लगे। हंगामा की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस को भी उग्र लोगों को आक्रोश झेलना पड़ा। माहौल बिगड़ता देखकर सदर एसडीपीओ व सदर एसडीओ मौके पर पहुंच कर उग्र लोगों शांत कराया।
बताया जाता है कि सिधवलिया थाना क्षेत्र के गंगवा गांव निवासी मंटू सिंह का पांच वर्षीय पुत्र रोशन कुमार बुधवार को विद्यालय में पढ़ने के लिये गया हुआ था। इसी बीच विद्यालय परिसर में बने एक गड्ढे में वह गिर गया। बच्चे को पानी में डूबते हुए देखकर आसपास के लोगों ने उसे बाहर निकाला तथा इलाज के लिये स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। लेकिन बच्चे को देखने के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद बच्चे के परिजन व गांव के अन्य लोग उग्र होकर विद्यालय में प्रवेश कर गये तथा विद्यालय में जमकर तोड़फोड़ की। इस दौरान उग्र लोगों ने विद्यालय के बेंच को जमा कर उसमें आग लगा दी। हंगामा व विद्यालय में बवाल की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस को भी लोगों का आक्रोश झेलना पड़ा। माहौल बिगड़ता देखकर सदर एसडीओ मृत्युंजय कुमार, एसडीपीओ मनोज कुमार, महम्मदपुर व जादोपुर की पुलिस मौके पर पहुंच गये तथा ग्रामीणों को काफी देर तक समझाने के बाद शांत कराया।