महम्मदपुर थाना क्षेत्र के महारानी गांव से बोलेरो सहित चालक का अपहरण कर लिया गया। घटना को लेकर थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है।
जानकारी के अनुसार महारानी गांव के पप्पू महतो की बोलेरो गाड़ी लेकर उनका चालक रिजर्व में फतेहपुर से महम्मदपुर के लिए लेकर चला। काफी देर बीतने के बाद भी जब चालक गाड़ी लेकर वापस नहीं लौटा तो वाहन मालिक ने उसकी खोजबीन शुरु की। काफी तलाश के बाद भी चालक व गाड़ी का सुराग नहंी मिलने पर पप्पू महतो ने इस संबंध में थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है। दर्ज प्राथमिकी में सोबहिया गांव के रामएकबाल यादव तथा सुरेश यादव को नामजद किया गया है। कांड अंकित कर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। ज्ञातव्य है कि एक दिन पूर्व ही महम्मदपुर थाना क्षेत्र के डाक्टर राममनोहर लोहिया उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य अरविंद कुमार पाण्डेय के पुत्र रोहित कुमार पाण्डेय का अपहरण कर लिया गया था। इस घटना को लेकर भी थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है।