चौथे चरण में यूपी की सीमा से सटे कुचायकोट प्रखंड के 31 पंचायतों में चुनाव की अधिसूचना गुरुवार को जारी कर दी गयी। अधिसूचना के साथ ही इस प्रखंड में कुल 976 पद के लिए नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया शुक्रवार से प्रारंभ हो जाएगी। इन पदों के लिए आगामी 17 मार्च तक नामांकन पत्र प्राप्त किए जाएंगे।
राज्य निर्वाचन आयोग ने जिले में आठ चरण में पंचायत चुनाव कराने का वृहद कार्यक्रम जारी किया है। इसके तहत चौथे चरण में जिले के सबसे बड़े प्रखंड कुचायकोट प्रखंड में चुनाव कराया जाएगा। जिला पंचायती राज पदाधिकारी शंभूनाथ ने बताया कि प्रखंड में मुखिया, सरपंच, पंचायत समिति सदस्य, जिला परिषद सदस्य, ग्राम पंचायत सदस्य तथा ग्राम कचहरी के सदस्य के सभी पदों के लिए नामांकन का दौर प्रारंभ होगा। उन्होंने बताया कि चुनाव मैदान में उतरने वाले प्रत्याशी जिला परिषद की सीट को छोड़कर अन्य पदों के लिए बीडीओ के समक्ष नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। बीडीओ संबंधित प्रखंड के निर्वाची पदाधिकारी होंगे। इसके अलावा जिला परिषद के लिए सदर अनुमंडल के एसडीओ के समक्ष नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इस चरण का मतदान 6 मई को कराया जाएगा।
नामांकन दाखिला के समय रहेगी चौकसी
शुक्रवार से चौथे चरण में प्रारंभ हो रहे नामांकन दाखिला कार्यक्रम को लेकर निर्धारित स्थानों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था कायम रखने के निर्देश जारी किये गये हैं। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी के साथ ही दोनों थाने के थानाध्यक्ष को इस संबंध में निर्देश दिये गये हैं।
नामांकन को बनाए गए काउंटर
पंचायत चुनाव को देखते हुए कुचायकोट प्रखंड कार्यालय परिसर में नामांकन के लिए काउंटर बनाए गये हैं। विकलांगों के लिए अलग से काउंटर बनाने के निर्देश दिये गये हैं। साथ ही दोनों प्रखंड में संभावित प्रत्याशियों को नाजिर रसीद उपलब्ध कराने के लिए निर्देश जारी किये गये हैं।
पंचायत चुनाव का कार्यक्रम
चौथा चरण :- कुचायकोट प्रखंड
* नामांकन दाखिला : 11 मार्च से 17 मार्च तक।
* नामांकन पत्रों की जांच : 21 मार्च।
* नाम वापसी की तिथि : 26 मार्च।
* प्रतीक चिन्ह आवंटन : 26 मार्च।
* मतदान की तिथि : 6 मई।