विजयीपुर थाना क्षेत्र के मठिया टोला सेमरही में एक घर में घुस कर कुछ लोगों ने एक विधवा महिला को मारपीट कर घायल करने के बाद तीस हजार रुपये की संपत्ति लूट ली। इस घटना के बाद महिला ने थाना में आवेदन दिया तो हमला करने वालों ने महिला को अपने ही घर में घुसने से रोक दिया। इस संबंध में महिला ने हथुआ एसडीपीओ को आवेदन सुरक्षा की गुहार लगायी है। बताया जाता है कि मठिया टोला सेमरही गांव निवासी सुखदेव मांझी की पत्नी अनीता कुंवर अपने घर में थी। इसी दौरान घर में बंदर घुस गया। घर में बंदर घुस जाने पर महिला उसे भगाने लगी। बंदर भगाने के क्रम में ही उनका अपने पड़ोस के लोगों से विवाद हो गया। जिससे आक्रोशित पड़ोसी ने घर में घुस कर महिला को मारपीट कर घायल करने के बाद तीस हजार रुपये की संपत्ति लूट ली। बताया जाता है कि इस घटना को लेकर महिला ने थाना में आवेदन दिया, लेकिन थाना में आवेदन देकर महिला जब अपने घर पहुंची तो पड़ोसियों ने उन्हें अपने ही घर में घुसने नहीं दिया। पड़ोसियों द्वारा अपने की घर में घुसने नहीं देने के बाद महिला हथुआ पहुंची महिला ने एसडीपीओ मोहम्मद इम्तेयाज अहमद को आवेदन देकर सुरक्षा की गुहार लगायी। एसडीपीओ को दिये गए आवेदन में महिला ने अपने ही गांव के निवासी जयप्रकाश माली, शंभू माली, रामधानी माली पर मारपीट करने तथा संपत्ति लुटने के बाद घर में घुसने नहीं देने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।