Gopalganj News: महुअवां में दो गुटों के बीच रोड़ेबाजी, तनाव

थाना क्षेत्र के महुअवां गांव में गुरुवार को होली के दिन एक धार्मिक स्थल के समीप विवाद के बाद तनाव की स्थिति कायम हो गयी। इस बीच वहां पहुंची पुलिस के वाहन पर भी पथराव किया गया। जिससे वाहन का शीशा टूट गया। हालांकि बाद में कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गयी तथा उग्र लोगों को समझाकर शांत कराया।

जानकारी के अनुसार गुरुवार को होली के दौरान महुअवां गांव में शांति से लोग पर्व को मना रहे थे। इसी बीच कुछ शरारती लोग एक धार्मिक स्थल के समीप पहुंच गये। जिसका दूसरे पक्ष के लोगों ने विरोध किया। इसी बात पर विवाद बढ़ने लगा और दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर रोड़ेबाजी शुरु कर दी। इस बात की सूचना मिलने के बाद वहां पहुंचे कुचायकोट थानाध्यक्ष के वाहन पर भी पथराव किया गया। जिससे वाहन का शीशा टूट गया। हालांकि बाद में गोपालपुर तथा विश्वंभरपुर थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गयी। पुलिस पदाधिकारियों ने उग्र लोगों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद गांव में गुरुवार को शांतिपूर्ण माहौल में होली का पर्व संपन्न हुआ। दोनों गुटों में तनातनी की स्थिति को देखते हुए शुक्रवार को भी गांव में पुलिस तैनात रही।

Ads:






Ads Enquiry