थावे थाना क्षेत्र के गोपलामठ गांव में शुक्रवार की शाम बिजली का पोल सड़क पर लगाने को लेकर शुरु हुए विवाद के बाद दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस मारपीट के दौरान लाठी डंडा व तलवार जैसे हथियारों का प्रयोग किया गया। मारपीट में दोनों पक्षों के छह लोग घायल हो गये। घायलों को इलाज के लिये स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उनकी हालत नाजुक देखकर चिकित्सकों ने उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
बताया जाता है कि गोपलामठ गांव निवासी अंशु कुमार सिंह के दरवाजे के सामने कुछ लोग जबरन बिजली का पोल लगा रहे थे। जिसका विरोध करने पहुंचे अंशु कुमार सिंह व उनकी बहन नेहा कुमारी पर कुछ लोगों ने तलवार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। वही मारपीट के दौरान दूसरे पक्ष के राधो साह, प्रकाश कुमार व दीपक कुमार सहित पांच लोग भी गंभीर रूप से घायल हो गए। जिसके बाद आसपास के लोगों ने सभी घायलों को इलाज के लिये स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। लेकिन घायलों की हालत नाजुक देखकर चिकित्सकों ने उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया। घायलों के बयान पर कांड अंकित कर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।