मच्छरों से बचने के लिए रात में अपने घर में मच्छर मारने की क्वायल जलाकर सोने से पहले एक बार जरूर सोच लें। क्वायल से निकली चिंगारी बर्बादी का कारण भी बन सकती है। रविवार की रात थावे प्रखंड के सेमरा पंचायत के सहबजवां गांव के एक ग्रामीण अपनी आवासीय झोपड़ी में मच्छर मारने की क्वायल जलाकर सो रहे थे। इसी बीच क्वायल से निकली चिंगारी से उनकी झोपड़ी में आग लग गयी और देखते ही देखते झोपड़ी सहित उसके रखा गया सभी सामान जलकर राख हो गया। आग की चपेट में आने से ग्रामीण सहित उनकी दो बकरी भी झुलस गयी। आग से झुलसे ग्रामीण का इलाज सदर अस्पताल में किया गया।
बताया जाता है कि मच्छरों से परेशान सहबजवां गांव निवासी सरल मियां ने रविवार की रात अपने आवासीय झोपड़ी में मच्छर मारने की क्वायल जलाकर रख दिया। इसके बाद खाना खाकर वे झोपड़ी में सो गए। इसी बीच देर रात में क्वायल से निकली चिंगारी से उनकी झोपड़ी में आग लग गयी। आग की लपटें देख ग्रामीण आग पर काबू पाने में जुट गए। लेकिन देखते ही देखते झोपड़ी सहित दो क्विंटल गेहूं, एक बोरा खाद, फर्नीचर कपड़ा सहित सभी सामान जलकर राख हो गया। आग की चपेट में सरल मियां तथा उनकी दो बकरी भी झुलस गयी। आग में झुलसे सरल मियां का इलाज सदर अस्पताल में किया गया। इस संबंध में सीओ अनिल भूषण ने बताया कि नुकसान का जायजा लेने के बाद पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता दिलाने की पहल की जाएगी।