मांझा थाना क्षेत्र के बलुही गांव स्थित पुल के समीप से पुलिस ने सोमवार की रात एक बाइक पर सवार दो लोगों के पास से 35 हजार जाली नोट बरामद कर लिया। पुलिस ने इस दौरान दोनों बाइक सवार को गिरफ्तार कर बाइक को जब्त कर लिया। बरामद जाली नोट को पंचायत चुनाव के दौरान खर्च करने की साजिश रची गयी थी। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही थी। इस बरामदगी के बाद मंगलवार को प्रेस को संबोधित करे हुए
सदर एसडीपीओ मनोज कुमार ने बताया कि पंचायत चुनाव में खर्च करने के लिये कुछ प्रत्याशियों द्वारा नेपाल से तस्करी कर जाली नोट मंगाए जाने की सूचना पुलिस अधीक्षक निताश गुड़िया को मिली थी। इस सूचना के आधार पर एसपी ने मांझा थानाध्यक्ष रामसेवक रावत को तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करने का आदेश दिया। एसपी के आदेश के बाद थानाध्यक्ष रामसेवक रावत तस्करों की टोह में लग गए। इसी बीच उन्हें सूचना मिली कि एक बाइक में रख कर जाली नोट ले जाया जा रहा है। इस सूचना पर पुलिस ने मांझा थाना क्षेत्र के बलुही पुल के समीप एक बाइक को रोक कर तलाशी लिया तो उसमें 35 हजार जाली नोट मिला। पुलिस ने नोट जब्त करते हुए कोईनी गांव निवासी संजय कुमार तथा भैसहीं गांव निवासी बलिंद्र यादव को गिरफ्तार कर लिया। उन्होने बताया कि पूछताछ के दौरान दोनों ने बताया कि इस गिरोह के सदस्य नेपाल से जाली नोट की तस्करी कर बिहार तथा उत्तर प्रदेश में उसे खपाते हैं। छापामारी में दरोगा संजय कुमार यादव, अनिरूद्ध कुमार, उत्तम पासवान, ब्रजेश कुमार आदि शामिल थे।