Gopalganj News: 20 पंचायत में अधिसूचना जारी, नामांकन कल से

दूसरे चरण में यूपी की सीमा से सटे कटेया तथा पंचदेवरी प्रखंड के 20 पंचायतों में चुनाव की अधिसूचना शुक्रवार को जारी कर दी गयी। अधिसूचना के साथ ही दोनों प्रखंड में कुल 637 पद के लिए नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया शनिवार से प्रारंभ हो जाएगी। इन पदों के लिए 11 मार्च तक नामांकन पत्र प्राप्त किए जाएंगे।

राज्य निर्वाचन आयोग ने जिले में आठ चरण में पंचायत चुनाव कराने का वृहद कार्यक्रम जारी किया है। इसके तहत दूसरे चरण में कटेया व पंचदेवरी प्रखंड में चुनाव कराया जाएगा। जिला पंचायती राज पदाधिकारी शंभूनाथ ने बताया कि इन दोनों प्रखंड में मुखिया, सरपंच, पंचायत समिति सदस्य, जिला परिषद सदस्य, ग्राम पंचायत सदस्य तथा ग्राम कचहरी के सदस्य के सभी पदों के लिए नामांकन का दौर प्रारंभ होगा। उन्होंने बताया कि चुनाव मैदान में उतरने वाले प्रत्याशी जिला परिषद की सीट को छोड़कर अन्य पदों के लिए बीडीओ के समक्ष नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। बीडीओ संबंधित प्रखंड के निर्वाची पदाधिकारी होंगे। इसके अलावा जिला परिषद के लिए संबंधित अनुमंडल के एसडीओ के समक्ष नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि दूसरे चरण का मतदान 28 अप्रैल को कराया जाएगा।

नामांकन दाखिला के समय रहेगी चौकसी

शनिवार से दूसरे चरण में प्रारंभ हो रहे नामांकन दाखिला कार्यक्रम को लेकर निर्धारित स्थानों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था कायम रखने के निर्देश जारी किये गये हैं। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि संबंधि प्रखंड विकास पदाधिकारी के साथ ही कटेया थानाध्यक्ष को इस संबंध में निर्देश दिये गये हैं। साथ ही नामांकन के समय फरार चल रहे लोगों की गिरफ्तारी के निर्देश दिये गये हैं।

नामांकन को बनाए गए काउंटर

पंचायत चुनाव को देखते हुए दोनों प्रखंड कार्यालय परिसर में नामांकन के लिए काउंटर बनाए गये हैं। विकलांगों के लिए अलग से काउंटर बनाने के निर्देश दिये गये हैं। साथ ही दोनों प्रखंड में संभावित प्रत्याशियों को नाजिर रसीद उपलब्ध कराने के लिए निर्देश जारी किये गये हैं।

637 पदों के लिए होगा चुनाव

दूसरे चरण में कटेया व पंचदेवरी प्रखंड में कुल 637 पदों के लिए चुनाव कराया जाएगा। इन दोनों प्रखंड के कुल बीस पंचायत में 11 पंचायत कटेया प्रखंड में तथा नौ पंचायत पंचदेवरी प्रखंड में हैं। कटेया में जिला परिषद की दो तथा पंचदेवरी में एक पद के लिए चुनाव होगा। इसके अलावा कटेया में पंचायत समिति की कुल 15 व पंचदेवरी में 13 सीटें हैं। जबकि कटेया में 155 पंच व इतने ही वार्ड सदस्य तथा पंचदेवरी में 128 पंच तथा 128 वार्ड सदस्य का चुनाव होना है।

क्या है पंचायत चुनाव का कार्यक्रम

दूसरा चरण :- कटेया व पंचदेवरी प्रखंड

* नामांकन दाखिला : 5 मार्च से 11 मार्च तक।

* नामांकन पत्रों की जांच : 14 मार्च।

* नाम वापसी की तिथि : 17 मार्च।

* प्रतीक चिन्ह आवंटन : 17 मार्च।

* मतदान की तिथि : 28 अप्रैल।

Ads:






Ads Enquiry