इंटर की परीक्षा के छठे दिन मंगलवार को भी कदाचार के आरोप में दो परीक्षार्थियों को निष्कासित कर दिया गया। निष्कासित किये गये दोनों परीक्षार्थियों से दो-दो हजार रुपये जुर्माना राशि की वसूली की गयी। परीक्षा को लेकर अधिकारी लगातार छठे दिन भी सतर्क दिखे। पूरे दिन अधिकारियों की टीम परीक्षा केन्द्रों के औचक निरीक्षण में लगी रही। छह दिनों से चल रही परीक्षा के बीच मंगलवार को हथुआ अनुमंडल के किसी भी केन्द्र से एक भी परीक्षार्थी को निष्कासित नहीं किया गया।
छठे दिन की परीक्षा में सदर एसडीओ मृत्युंजय कुमार तथा हथुआ एसडीओ प्रमोद कुमार राम सहित तमाम पदाधिकारी पूरे दिन विभिन्न परीक्षा केन्द्रों पर औचक निरीक्षण में लगे रहे। अधिकारियों ने परीक्षा हाल की खिड़की से भी परीक्षा दे रहे छात्र-छात्राओं पर निगरानी रखी। पकड़े गये दोनों परीक्षार्थियों से जुर्माना वसूलने के बाद मुक्त कर दिया गया। छठे दिन की परीक्षा में प्रशासन का अधिक ध्यान सदर अनुमंडल के परीक्षा केन्द्रों पर रहा। वरीय अधिकारी व केन्द्रों पर तैनात दंडाधिकारी कदाचार रोकने के दिशा में सतर्क दिखे। नगर के तमाम केन्द्रों पर अधिकारियों की टीम जांच में लगी रही।
परीक्षा के बाद दिखा जाम का नजारा
मंगलवार को प्रथम पाली की परीक्षा जब छूटी तो पूरा शहर जाम में तब्दील दिखा। शहर की सड़कों पर करीब एक घंटे तक आवागमन बुरी तरह से प्रभावित रहा। ऐसे में परीक्षार्थियों के साथ ही आम लोगों को भी भारी परेशानियों से जूझने को विवश होना पड़ा।