पहले चरण में यूपी की सीमा से सटे भोरे तथा विजयीपुर प्रखंड में 957 पदों के लिए अधिसूचना बुधवार को जारी कर दी गई। अधिसूचना के साथ ही इन पदों के लिए नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया गुरुवार से प्रारंभ हो जाएगी। इन पदों के लिए 9 मार्च तक नामांकन पत्र प्राप्त किए जाएंगे।
राज्य निर्वाचन आयोग ने जिले में आठ चरण में पंचायत चुनाव कराने का वृहद कार्यक्रम जारी किया है। इसके तहत गुरुवार से पहले चरण में भोरे व विजयीपुर प्रखंड में चुनाव होगा। जिला पंचायती राज पदाधिकारी शंभू नाथ ने बताया कि भोरे व विजयीपुर प्रखंड में मुखिया, सरपंच, पंचायत समिति सदस्य, जिला परिषद सदस्य, ग्राम पंचायत सदस्य तथा ग्राम कचहरी के सदस्य के सभी पदों के लिए नामांकन का दौर प्रारंभ होगा। उन्होंने बताया कि चुनाव मैदान में उतरने वाले प्रत्याशी जिला परिषद की सीट को छोड़कर अन्य पदों के लिए बीडीओ के समक्ष नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। बीडीओ संबंधित प्रखंड के निर्वाची पदाधिकारी होंगे। इसके अलावा जिला परिषद के लिए संबंधित अनुमंडल के एसडीओ के समक्ष नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि पहले चरण का मतदान 24 अप्रैल को कराया जाएगा।
नामांकन दाखिला के समय रहेगी चौकसी
गुरुवार से प्रारंभ हो रहे नामांकन दाखिला कार्यक्रम को लेकर निर्धारित स्थानों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था कायम रखने के निर्देश जारी किये गये हैं। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि संबंधि प्रखंड विकास पदाधिकारी के साथ ही थानाध्यक्षों को इस संबंध में निर्देश दिये गये हैं। साथ ही नामांकन के समय फरार चल रहे लोगों की गिरफ्तारी के निर्देश दिये गये हैं।
तीस पंचायतों में होगा चुनाव
पहले चरण में तीस पंचायतों में नामांकन की प्रक्रिया प्रारंभ होगी। इन तीस पंचायतों में भोरे प्रखंड की 17 तथा विजयीपुर प्रखंड की 13 पंचायतें शामिल हैं। पहले चरण में कुल 32 जिला परिषद की सीटों में से चार सीटों तथा पंचायत समिति की 320 में से 43 सीटों के लिए चुनाव कराया जाएगा।
क्या है पंचायत चुनाव का कार्यक्रम
पहला चरण :- भोरे व विजयीपुर प्रखंड
* नामांकन दाखिला : 3 मार्च से 9 मार्च तक।
* नामांकन पत्रों की जांच : 12 मार्च।
* नाम वापसी की तिथि : 15 मार्च।
* प्रतीक चिन्ह आवंटन : 15 मार्च।
* मतदान की तिथि : 24 अप्रैल।