एनएच- 85 स्थित उचकागांव थाना क्षेत्र के चनावे जीन बाबा के समीप रविवार की सुबह एक आटो व बस की टक्कर में आटो चालक सहित सात लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिये सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बताया जाता है कि सदर प्रखंड के जादोपुर बाजार निवासी मजिस्टर प्रसाद अपनी भतीजी की शादी समारोह में शामिल होने के लिये दिल्ली से सिवान आने के बाद आटो पर सवार होकर परिवार के लोगों के साथ लौट रहे थे। बताया जाता है कि जैसे ही उनकी आटो उचकागांव थाना क्षेत्र के चनावे गांव के समीप पहुंची, सामने से आ रही एक बस ने आटो में टक्कर मार दिया। इस घटना में आटो में सवार मजिस्टर प्रसाद, लीलावती देवी, मनोज कुमार, रंजू कुमारी, अनिल कुमार हंसराज कुमार व सिवान निवासी चालक गुड्डू कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल लोगों को इलाज के लिए आसपास के लोगों ने सदर अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।