अगर आप ग्रामीण इलाके से होकर गुजर रहे हों तथा जेब में पैसा नहीं है तो जरा बचके! सरस्वती पूजा के नाम पर चंदा उगाही के काम में जुटे युवक आपके साथ बवाल कर सकते हैं। इन दिनों जिले के विभिन्न इलाकों में चंदा उगाही करने वालों ने सड़क पर अपना कब्जा जमा रखा है। अगर प्यार से चंदा नहीं दिया तो जोर-जबरदस्ती करने से भी ऐसे युवक नहीं हिचकते।
वैसे तो सरस्वती पूजा के नाम पर चंदे की उगाही का खेल करीब एक पखवारे से चल रहा है, लेकिन ज्यों-ज्यों पूजा का दिन नजदीक आ रहा है चंदा वसूलने वालों की मनमर्जी बढ़ती जा रही है। कटेया-भोरे मार्ग पर तो चंदा वसूलने वाले युवकों का झुंड आपको कहीं भी परेशान कर सकता है। पचमवां से आगे बढ़ते ही जबरन चंदा वसूली का खेल शुरू हो जाता है। इसके अलावा जमुनहां-सेमरा मार्ग पर कई स्थानों पर तीस से चालीस लड़कों की फौज वाहन चालकों को रोककर पैसों की वसूली करती है। यहीं स्थिति जनता बाजार-श्रीपुर-बथुआ पथ तथा बरौली थाना क्षेत्र के भी कई इलाकों में दिखी। हद तो यह कि चंदा वसूली का कारोबार हाइवे पर भी शुरू हो गया है। जबकि सड़क पर चंदे की वसूली करना कानूनन अपराध है। इसके बाद भी हर चौक-चौराहे पर यह गोरखधंधा चल रहा है लेकिन पुलिस व प्रशासन के अधिकारी कुछ भी नहीं कर पा रहे हैं। ऐसे में सड़क पर वाहन लेकर निकलने वाले लोगों के साथ गाली-गलौज व मारपीट की स्थिति सामने आ जाती है। कई लोगों ने वरीय पुलिस पदाधिकारियों को पत्र लिखकर इस गोरखधंधे पर विराम लगाने की मांग की है।