उचकागांव थाना क्षेत्र के वृंदावन गांव के समीप शनिवार की शाम हुई दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल कारा के वैन चालक दुर्गा प्रसाद की इलाज के क्रम में रविवार की सुबह मौत हो गयी। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया। चालक दुर्गा प्रसाद की मौत के बाद गृहरक्षकों में शोक की लहर दौड़ पड़ी। शव का पोस्टमार्टम होने के बाद उनके शव को होमगार्ड कार्यालय में लाया गया। जहां होमगार्ड के डीएसपी रितेश कुमार पाण्डेय व कमांडर शेख सहरत हुसैन, होमगार्ड के जिलाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद, सचिव विजय कुमार, अजय कुमार, विरेंद्र प्रसाद, सतेंद्र शाही, परशुराम सिंह सहित कई जवानों ने उनके शव को सलामी दी। जिसके बाद होमगार्ड कार्यालय में दो मिनट का शोक सभा का आयोजन भी किया गया। ज्ञातव्य है कि शनिवार को चनावे स्थित मंडल कारा परिसर में कैदी वैन खड़ी कर घर लौटने के क्रम में एक बोलेरो गाड़ी ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी थी। इस घटना में वैन चालक दुर्गा प्रसाद को गंभीर अवस्था में इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां रविवार की सुबह उनकी इलाज के क्रम में मौत हो गयी।