सेवानिवृत्त हुए पांच कर्मियों को संविदा के आधार पर तैनात किया गया है। अलावा इसके एक संविदा कर्मी की सेवा अवधि का विस्तार किया गया है। जिला स्थापना समिति की बैठक में कर्मियों को संविदा पर तैनात किये जाने का निर्णय लिया गया।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि कुचायकोट प्रखंड से पंचायत सचिव के पद से सेवानिवृत्त अनिरुद्ध प्रसाद नामक पंचायत सचिव को संविदा के आधार पर अगले 11 माह के लिए तैनात किया गया है। जबकि जिला भू-अर्जन शाखा में तैनात संविदा कर्मी मुनीलाल राम की संविदा अवधि को 11 माह के लिए बढ़ा दी गयी है। इसी प्रकार जिला कोषागार कार्यालय में प्रधान लिपिक के पद से सेवानिवृत्त हुए कपीन्द्र झा किरण, भोरे अंचल में तैनात राजस्व कर्मचारी अमीर बैठा, बैकुंठपुर अंचल के राजस्व कर्मचारी के पद पर तैनात अवध किशोर ओझा तथा जिला राजस्व शाखा में तैनात लिपिक ओमप्रकाश नारायण सिंह को संविदा कर्मी के रूप में अगले 11 माह के लिए तैनात किया गया है। बैठक के दौरान सिविल सर्जन कार्यालय में प्रधान लिपिक के रूप में तैनात रवीन्द्र कुमार को सेवानिवृत्त होने के पश्चात संविदा पर तैनात किए जाने के संबंध में निर्णय नहीं हो सका। सूत्रों ने बताया कि रवीन्द्र कुमार के संबंध में अगली बैठक में निर्णय लिया जाएगा।